
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार राज्य में धार्मिक और पर्यटन ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा-शारदा कॉरिडोर परियोजना को सरकार की प्राथमिकता बताया है। इस परियोजना के तहत ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ-साथ चंपावत जिले के टनकपुर में शारदा नदी किनारे तीन भव्य रिवर फ्रंट विकसित किए जाएंगे।
हरिद्वार दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं के लिए बजट में प्रावधान किया जा चुका है और अब निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा कॉरिडोर के तहत ऋषिकेश और हरिद्वार में आधुनिक सुविधाओं से लैस रिवर फ्रंट तैयार किए जाएंगे, जबकि टनकपुर में शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत इसी तरह का विकास किया जाएगा।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि इन रिवर फ्रंट के विकसित होने से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। गंगा और शारदा नदी के किनारे सौंदर्यीकरण, सुगम आवागमन और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
कुंभ 2027 की तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुंभ मेले से जुड़े सभी कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय की गई है। शासन स्तर पर समन्वय बढ़ाने के लिए मुख्य सचिव के साथ भी चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि जहां भी बाधाएं आ रही हैं, उन्हें आपसी तालमेल से दूर कर कार्यों को गति दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा जल्द शुरू होने वाली है और इसकी तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 का कुंभ मेला भव्य और दिव्य रूप में आयोजित किया जाए। इसके लिए संत समाज और सामाजिक-धार्मिक संगठनों से नियमित संवाद किया जा रहा है।
मिशन मोड में काम करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन मिशन मोड में किया जाए, ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।
पश्चिम बंगाल पर भी साधा निशाना
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और लोकतंत्र प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और आगामी समय में वहां राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी संगठनात्मक रूप से मजबूत है और केंद्र सरकार के नेतृत्व में जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।



