उत्तराखंड

रेखा आर्य बोलीं- शादी से पहले नहीं थी पति की पहली शादी की जानकारी, जांच के लिए 10 सदस्यीय SIT गठित

देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा है कि शादी से पहले उन्हें अपने पति गिरधारी साहू की पहली शादी के बारे में जानकारी नहीं थी। पति के खिलाफ दर्ज शिकायत की जांच के लिए पुलिस ने एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने अस्पताल में भर्ती होने के दौरान अपने पति के खिलाफ दर्ज शिकायत को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि विवाह से पहले उन्हें यह पता नहीं था कि गिरधारी साहू पहले से शादीशुदा हैं। मंत्री के अनुसार, महिला के सम्मान और बच्चों की रक्षा के लिए उन्हें जो कदम उठाना चाहिए था, उन्होंने वही किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस उन्हें भी न्याय दिलाएगी।

पति के खिलाफ लगाए कई आरोप

रेखा आर्य ने कैंट थाने में दर्ज शिकायत में पति पर प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, कथित तौर पर दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें एक कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रचने जैसे आरोप लगाए हैं। शिकायत में उन्होंने पति की पहली शादी और विवाहेतर संबंधों का भी उल्लेख किया है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

10 सदस्यीय SIT करेगी जांच

मंत्री की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। टीम मामले से जुड़े आरोपों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

एसआईटी प्रभारी जया बलोनी के अनुसार, टीम प्रकरण से संबंधित जानकारियां और साक्ष्य जुटा रही है। रेखा आर्य का स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।

वायरल ऑडियो फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा

मामले से संबंधित बताया जा रहा वायरल ऑडियो फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button