सीएम धामी के विधानसभा क्षेत्र में BJP को झटका, निर्दलीय नारायण लाल बने पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष

चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत विधानसभा क्षेत्र स्थित पाटी नगर पंचायत के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को हराकर जीत दर्ज की है। नारायण लाल, इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन के जीजा हैं।
घोषित परिणामों के अनुसार, नारायण लाल को 738 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 वोट मिले। इस तरह नारायण लाल ने 224 मतों के अंतर से जीत हासिल कर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
परिणाम घोषित होने में हुई देरी
मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर काफी देर तक संशय की स्थिति बनी रही। परिणाम घोषित करने और विजयी प्रमाण पत्र जारी करने में देरी होने से नारायण लाल के समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली। हालांकि प्रमाण पत्र मिलने के बाद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला और जीत का जश्न मनाया।
सभासद पदों के परिणाम भी घोषित
नगर पंचायत के चारों वार्डों के सभासद पद के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।
न्यू कॉलोनी वार्ड से नवल पचौली 183 मत प्राप्त कर विजयी रहे।
जौलाड़ी वार्ड से बबलू पाटनी ने 151 मत हासिल कर जीत दर्ज की।
रानीचौड़ वार्ड में शांति देवी 166 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं।
पूनाकोट वार्ड से संगीता 145 मतों के साथ सभासद चुनी गईं।
राजनीतिक दृष्टि से अहम माने जा रहे नतीजे
पाटी नगर पंचायत के चुनाव परिणामों को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी की हार ने स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चुनाव नतीजों ने यह भी संकेत दिया है कि निकाय चुनाव में मतदाताओं ने पार्टी के बजाय उम्मीदवार के चेहरे को प्राथमिकता दी।
अगले साल होने हैं विधानसभा चुनाव
उत्तराखंड में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। ऐसे में पाटी नगर पंचायत का यह परिणाम राजनीतिक दलों के लिए अहम संकेत माना जा रहा है। अब सभी की नजर आगामी विधानसभा चुनावों पर टिकी है, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करती है या कांग्रेस वापसी करने में सफल रहती है।



