उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, सात जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। शुक्रवार से देहरादून समेत सात जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बारिश की संभावना है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई गई है।
इधर, देहरादून में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान बढ़ने के कारण लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा।
मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री और न्यूनतम 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां 0.1 मिलीमीटर बारिश हुई। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 26.2 और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा पिथौरागढ़ में 14.6 मिलीमीटर, खटीमा में चार मिलीमीटर और मसूरी में 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।



