अपराधउत्तराखंडदेहरादून

देहरादून के राजपुर में सुबह सुबह गोलीकांड, रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की मौत

देहरादून: देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह सनसनीखेज गोलीकांड में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत हो गई। घटना मसूरी रोड स्थित मालसी के पास जोहड़ी गांव क्षेत्र में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो N और दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद फायरिंग की घटना सामने आई।

कंट्रोल रूम को सुबह 6:50 बजे मिली सूचना

राजपुर थाना से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी समेत राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

ओवरटेकिंग विवाद बना जानलेवा

पुलिस जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो N में सवार लोगों के बीच गाड़ी को पास न देने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रुकवाने के लिए टायर पर फायरिंग की।

इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पेड़ से टकराई फॉर्च्यूनर, मारपीट भी हुई

फायरिंग के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने कथित रूप से फॉर्च्यूनर में सवार व्यक्तियों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल ले जाया गया।

आरोपी फरार, जिलेभर में नाकेबंदी

घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की गंभीरता से जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

देहरादून में इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और मॉर्निंग वॉक पर निकले एक पूर्व सैन्य अधिकारी की इस तरह मौत से लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button