उत्तराखंड

मसूरी पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कार्यकर्ताओं संग संगठन और 2027 चुनावी तैयारियों पर की चर्चा

मसूरी: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को अचानक मसूरी पहुंचे। उनका यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रहा और इसकी जानकारी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं तक को नहीं थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के अचानक मसूरी पहुंचने से राजनीतिक गलियारों में विभिन्न चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

 

मसूरी में आयोजित बैठक के दौरान नितिन नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और मसूरी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें क्षेत्र की संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की जानकारी भी दी।

 

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही कार्यकर्ताओं से संगठन की जमीनी स्थिति और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता को लेकर फीडबैक भी लिया।

 

बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिनकी जनता के बीच सकारात्मक चर्चा है।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनसे वर्ष 2027 में फिर से मसूरी आने का आग्रह किया। उन्होंने भी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को भाजपा कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावी तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक बताया। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button