उत्तराखंड

बीजेपी नेता विनोद कश्यप हत्या मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 5 गिरफ्तार

देहरादून। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में बीजेपी नेता विनोद कश्यप की हत्या और उसके बाद हुए बवाल के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

 

जानकारी के अनुसार, 13 जून की देर शाम खेतों की सिंचाई के लिए पानी लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया था। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष के लोग हथौड़े, लाठी-डंडे और बेलचे लेकर विनोद कश्यप के घर में घुस आए और परिवार पर हमला कर दिया। हमले में विनोद कश्यप की मौत हो गई, जबकि उनके भाई अशोक, राजेश और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों पर हमला कर तोड़फोड़ और आगजनी की। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भारी बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के दो मकान और दो दुकानों पर बुलडोजर भी चलाया।

 

12 आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

 

सहसपुर पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रविवार तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी, जबकि सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

 

परिजन पोस्टमार्टम के लिए हुए तैयार

 

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने नाराजगी जताते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई का विरोध किया था। हालांकि पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

 

तीसरे दिन भी गांव में तनाव

 

विनोद कश्यप की हत्या के तीसरे दिन भी बैरागीवाला गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। गांव में भारी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री बल तैनात किया गया है। गलियां सूनी पड़ी हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

 

पीड़ित परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। परिवार का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

 

पथराव और आगजनी करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

 

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हत्या के आरोपियों के घरों में तोड़फोड़, आगजनी और पुलिस टीम पर पथराव करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

 

इस मामले को लेकर क्षेत्र में अभी भी तनाव बना हुआ है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button