70 वर्ष से अधिक उम्र के पूर्व सैनिकों को घर पहुंचेगी दवा, ECHS पॉलीक्लिनिक की नई पहल

हल्द्वानी। पूर्व सैनिकों और व्हाइट कार्ड धारकों की सुविधा के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। अब 70 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों और व्हाइट कार्ड धारकों को स्थानीय खरीद (लोकल परचेज) के तहत मिलने वाली दवाएं उनके घर तक पहुंचाई जाएंगी।
हल्द्वानी मिलिट्री स्टेशन के कमांडर कर्नल अविनाश सिंह ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को बार-बार पॉलीक्लिनिक आने में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। डॉक्टर द्वारा निर्धारित स्थानीय खरीद की दवाएं ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की ओर से पार्सल के माध्यम से लाभार्थियों के पते पर भेजी जाएंगी।
इस निशुल्क सुविधा का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों को पॉलीक्लिनिक की फार्मेसी में अपना पूरा डाक पता, लैंडमार्क, पिन कोड और सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा, ताकि दवा की डिलीवरी से संबंधित जानकारी प्राप्त हो सके।
पॉलीक्लिनिक हल्द्वानी के प्रभारी अधिकारी कर्नल पृथ्वी राज सिंह रावत ने बताया कि योजना के ट्रायल चरण में कुछ लाभार्थियों को दवाएं सफलतापूर्वक भेजी जा चुकी हैं। वरिष्ठ पूर्व सैनिकों ने इस पहल का स्वागत किया है। किसी भी सहायता के लिए लाभार्थी फार्मेसी हेल्पडेस्क नंबर 05946-293178 पर संपर्क कर सकते हैं।



