कब और कहां होंगे शीतकालीन चारधाम के दर्शन? पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताई तारीख!

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। यात्रा समाप्त होते ही प्रदेश में शीतकालीन चारधाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी। पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज के मुताबिक, शीतकालीन चारधाम यात्रा 12 नवंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इसके लिए शीतकालीन गद्दीस्थलों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकार का उद्देश्य शीतकालीन यात्रा के माध्यम से प्रदेश में सालभर पर्यटन गतिविधियों को जारी रखना है।
मंगलवार, 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व और गोवर्धन पूजा के अवसर पर उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अब 11 नवंबर को यमुनोत्री और बाबा केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होंगे।
शीतकाल में इन स्थलों पर होंगे चारों धाम के दर्शन
चारों धाम के कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पूजा-अर्चना कर सकेंगे। मां गंगा की पूजा मुखबा, मां यमुना की पूजा खरसाली और बाबा केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होगी। वहीं, भगवान बदरी विशाल की पूजा पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर और जोशीमठ के नृसिंह मंदिर में की जाएगी।
60 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उत्तराखंड पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 9 नवंबर तक चारों धामों में कुल 60,50,312 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें गंगोत्री धाम में 10,06,463, यमुनोत्री धाम में 8,84,289, केदारनाथ धाम में 19,13,815 और बदरीनाथ धाम में 22,45,745 श्रद्धालु शामिल हैं।
सालभर पर्यटन गतिविधियां जारी रखने की तैयारी
सरकार शीतकालीन चारधाम यात्रा के माध्यम से प्रदेश में 12 महीने पर्यटन गतिविधियां जारी रखना चाहती है। इसके लिए शीतकालीन गद्दीस्थलों पर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही इन धार्मिक स्थलों के आसपास के क्षेत्रों को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस सीजन में चारधाम यात्रा अच्छी रही है और अब तक 60,50,312 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शीतकालीन यात्रा को व्यापक स्तर पर प्रमोट किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु कपाट बंद होने के बाद भी चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकें।



