जेनी प्रकरण में हरक सिंह रावत का नया दावा, बोले- बेटे के पिता के नाम पर अस्पताल रिकॉर्ड में दर्ज है ‘बबलू’

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में करीब 23 साल पुराने जेनी प्रकरण में सोमवार को एक बार फिर नया मोड़ आ गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने मीडिया के सामने दावा किया कि जेनी के बेटे के पिता का नाम अस्पताल के रिकॉर्ड में ‘बबलू’ दर्ज है। उन्होंने कहा कि दून अस्पताल के पुराने रिकॉर्ड में बच्चे के पिता के नाम वाले कॉलम में बबलू लिखा हुआ है।
हरक सिंह रावत के मुताबिक, बबलू बरेली का रहने वाला बताया गया है। उन्होंने दावा किया कि देहरादून आने से पहले जेनी करीब तीन महीने तक उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही थीं। इसके बाद वह युवक जेनी को दिल्ली बस अड्डे पर छोड़ गया था। हरक सिंह ने अपने दावे के समर्थन में पुराने अस्पताल रिकॉर्ड का हवाला दिया।
डीएनए जांच की मांग को लेकर फिर चर्चा में मामला
गौरतलब है कि सात नवंबर को उत्तरांचल प्रेस क्लब में जेनी ने हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म और यौन शोषण के आरोप लगाए थे। जेनी अपने 23 वर्षीय बेटे के पिता के रूप में हरक सिंह रावत का नाम लेते हुए डीएनए जांच की मांग कर रही हैं।
वहीं, हरक सिंह रावत पुराने अस्पताल रिकॉर्ड और सीबीआई की डीएनए जांच का हवाला देते हुए जेनी के दावे को खारिज कर रहे हैं। अब हरक सिंह के नए बयान के बाद करीब 23 साल पुराना यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। दोनों पक्षों की ओर से किए जा रहे दावों के बीच प्रकरण में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।



