उत्तराखंड

हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत के बाद एक्शन, ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक

देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्रधारा आ रहा ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) घाटी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद हेलीकॉप्टर का मलबा पहाड़ी पर मिला, जहां से सभी के शव बरामद किए गए।

बदरीनाथ से उड़ान भरने के बाद टूटा संपर्क

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चाई गांव के नजदीक हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके साथ ही उसका लाइव लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम भी काम करना बंद कर गया।

हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें तलाश एवं बचाव अभियान के लिए रवाना की गईं। लापता हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए दो अन्य हेलीकॉप्टर भी लगाए गए। काफी खोजबीन के बाद पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर का मलबा दिखाई दिया। रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किए।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों में पायलट समेत पांच यात्री शामिल हैं। मृतकों की सूची इस प्रकार है—

 

1. कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष), निवासी दिल्ली

2. प्रताप (41 वर्ष), निवासी कर्नाटक

3. अरुण सालुंके (44 वर्ष), निवासी कर्नाटक

4. वीबी शंकर गौड़ा (39 वर्ष), निवासी कर्नाटक

5. सुधीर के. (50 वर्ष), निवासी कर्नाटक

6. एचएस नटराजा (51 वर्ष), निवासी कर्नाटक

बताया गया है कि मृतकों में कर्नाटक के एक इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। उनका शव सड़क मार्ग से ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।

ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक

हादसे के बाद एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि बदरीनाथ धाम से सहस्रधारा हेलीपोर्ट के लिए चार्टर्ड हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे उड़ान भरी थी। प्राधिकरण की ओर से प्रत्येक हेलीकॉप्टर की लाइव लोकेशन ट्रैक की जाती है।

प्रतीक जैन के अनुसार, हेलीकॉप्टर के जोशीमठ घाटी पार करने के दौरान उसकी लाइव लोकेशन ट्रैकिंग गायब हो गई। इसके बाद हेलीकॉप्टर से संपर्क नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। सूचना मिलने पर चमोली जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और सेना की टीम को रेस्क्यू अभियान के लिए भेजा गया।

मौसम की स्थिति के आधार पर दी गई थी उड़ान की अनुमति

यूकाडा के सीईओ ने बताया कि हेलीकॉप्टर की लोकेशन गायब होने के बाद स्थानीय लोगों और चमोली जिला प्रशासन से भी जानकारी जुटाई गई। इसके बाद तलाश अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए ही हेलीकॉप्टर संचालन की अनुमति दी गई थी। हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जांच और तथ्यों के सामने आने के बाद साझा की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button