लक्सर में महाराजा भागीरथ की पेंटिंग हटाने पर हंगामा, खानपुर विधायक उमेश कुमार ने जताई नाराजगी

लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर बस स्टैंड पर महाराजा भागीरथ की पेंटिंग हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर खानपुर विधायक उमेश कुमार मौके पर पहुंचे और पेंटिंग हटाने के तरीके पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। वहीं, सैनी समाज के जिलाध्यक्ष बाबूराम सैनी का कहना है कि पेंटिंग खंडित हो गई थी, इसलिए समाज के लोगों ने आपसी सहमति से उसे हटाकर वहां महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, करीब दो साल पहले खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने अपने निजी खर्च से महाराजा भागीरथ की फ्रेम पेंटिंग बनवाई थी। सैनी समाज की मांग पर विधायक ने अपनी पत्नी सोनिया शर्मा के हाथों विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ इसका अनावरण कराया था। तब से यह पेंटिंग लक्सर बस स्टैंड पर लगी हुई थी।
15 अक्टूबर को पेंटिंग हटाए जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने इसकी जानकारी विधायक उमेश कुमार को दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। वहां पेंटिंग एक कोने में रखी हुई मिली। विधायक ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और मजदूरों से नाराजगी जताते हुए कहा कि महाराजा भागीरथ लोगों की आस्था से जुड़े हैं और पेंटिंग हटाने से पहले समाज के लोगों को सूचना देने के साथ धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन किया जाना चाहिए था।
विधायक उमेश कुमार ने कहा कि महाराजा भागीरथ ने गंगा को धरती पर लाकर जनकल्याण किया था। ऐसे में उनसे जुड़ी पेंटिंग को सम्मानपूर्वक हटाया जाना चाहिए था। उन्होंने मौके से अधिकारियों को फोन कर मामले की जानकारी दी और धार्मिक भावनाएं आहत करने तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने की बात कही। विधायक के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया।
वहीं, सैनी समाज के जिलाध्यक्ष बाबूराम सैनी ने मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पेंटिंग काफी समय से खंडित हो गई थी। इसे लेकर समाज के लोगों के साथ कई दिनों से बातचीत चल रही थी। समाज के लोगों ने चंदा एकत्र कर आपसी सहमति से पेंटिंग हटाकर वहां महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया था। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर को पेंटिंग हटाकर प्रतिमा स्थापित की गई है और बाद में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उसका अनावरण किया जाएगा।
फिलहाल, पेंटिंग हटाए जाने को लेकर विधायक की नाराजगी और सैनी समाज के जिलाध्यक्ष के पक्ष के बाद मामला चर्चा में है।



