मोहब्बेवाला में फिर हादसा, ईंटों से लदा ट्रक गर्ल्स हॉस्टल में घुसा; टली बड़ी घटना

देहरादून। थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के मोहब्बेवाला में एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे से देहरादून की ओर आ रहा ईंटों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। हादसे के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलने के बाद थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकालकर उपचार कराया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को भी मौके से हटवाया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक मशरूर मुजफ्फरनगर से ईंटों से भरा ट्रक लेकर देहरादून आ रहा था। नेशनल हाईवे से शहर की ओर प्रवेश के दौरान ढलान पर बनाए गए रंबल स्ट्रिप से गुजरते समय ट्रक में काफी उछाल आया। चालक के मुताबिक, इसके बाद ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। करीब 200 मीटर आगे आने के बाद सड़क पर किसी बड़े हादसे से बचने के लिए उसने ट्रक को सड़क किनारे मोड़ दिया, जिसके बाद ट्रक गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया और पलट गया।
ट्रक चालक मशरूर ने बताया कि रंबल स्ट्रिप का उद्देश्य वाहनों की गति कम करना है, लेकिन ट्रक के उनके ऊपर से गुजरने के दौरान वाहन में काफी उछाल आया। इसके बाद ब्रेक फेल हो गए। सड़क पर लोगों को बचाने के लिए उसने ट्रक को दूसरी ओर मोड़ दिया, जिससे वह हॉस्टल की दीवार से जा टकराया।
मोहब्बेवाला क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हुए थे। घटना के बाद देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे से शहर की ओर आने वाले मार्ग पर ढलान में वाहनों की गति कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनाने के निर्देश दिए थे।
प्रशासन की ओर से रंबल स्ट्रिप लगाए जाने के बाद वाहनों की गति कम होने की बात कही जा रही है, हालांकि कुछ वाहन चालकों का कहना है कि रंबल स्ट्रिप से गुजरने के दौरान वाहनों में काफी उछाल आ रहा है। शनिवार को हुए हादसे में भी ट्रक चालक ने रंबल स्ट्रिप को हादसे की वजह बताया है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
थाना क्लेमेंटटाउन प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चालक को ट्रक से बाहर निकालकर उसका उपचार कराया गया। क्रेन की मदद से ट्रक को भी हटवा दिया गया। हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
रंबल स्ट्रिप सड़क पर बनाए गए छोटे-छोटे उभरे हुए या खांचेदार हिस्से होते हैं। इनके ऊपर से वाहन गुजरने पर पहियों में कंपन और आवाज होती है, जिससे चालक को गति कम करने का संकेत मिलता है। आमतौर पर इन्हें टोल प्लाजा, चौराहों, खतरनाक मोड़ या ऐसे स्थानों से पहले लगाया जाता है, जहां वाहनों की गति नियंत्रित करना जरूरी होता है।



