उत्तराखंड

मसूरी के रेस्टोरेंट में लाठी-डंडों से हमला, CCTV फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी पेट्रोल पंप स्थित एक रेस्टोरेंट में घुसकर कुछ युवकों द्वारा वहां बैठे युवक और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में कुछ युवक रेस्टोरेंट के अंदर लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार बनाकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

शिकायतकर्ता मनीष ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे और आते ही वहां बैठे उसके और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, हमलावरों में कुछ युवकों ने चेहरे पर नकाब पहना हुआ था। अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। हमले में मनीष और उसके साथियों के चोटिल होने की बात कही गई है।

घटना के बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई। इसमें कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर रेस्टोरेंट में घुसते और वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस ने जांच तेज कर दी।

एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना को लेकर शिकायत मिली है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button