उत्तराखंड

श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी: 15 सितंबर से शुरू होगी चारधाम हेली सेवा, 22 सितंबर से कर सकेंगे अक्टूबर की बुकिंग

हेली सर्विस अपडेट : उत्तराखंड चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के तहत हेली सेवाओं का संचालन 15 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए 15 से 30 सितंबर तक की हेली टिकटों की बुकिंग 7 सितंबर को पूरी हो चुकी है। अब 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक की यात्रा के लिए हेली टिकटों की बुकिंग 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी।

हालांकि, मानसून सीजन की अभी पूरी तरह विदाई नहीं हुई है। ऐसे में हेली यात्रा की सुरक्षा को देखते हुए मौसम के आधार पर ही हेलीकॉप्टर संचालन की अनुमति दी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम रह सके।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ धाम के लिए हेली शटल सेवा 15 सितंबर से शुरू होगी। इसके साथ ही चारधाम के लिए चार्टर सेवा और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवा का संचालन भी शुरू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक की हेली टिकटों की बुकिंग 7 सितंबर को पूरी हो चुकी है। दूसरे चरण में 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक के लिए टिकटों की बुकिंग 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। श्रद्धालु आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।

अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को हेली सेवा का लाभ मिल सके, इसके लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से खोली जा रही है। प्रत्येक चरण में 15-15 दिनों की यात्रा के लिए टिकट बुक किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य पूरे यात्रा सीजन की टिकट एक साथ बुक होने से रोकना और श्रद्धालुओं को टिकट बुक करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराना है।

प्रतीक जैन ने बताया कि कुछ टिकट अंतिम समय में काउंटर टिकट के तौर पर इस्तेमाल किए जाते हैं। हालांकि, इनका संचालन और उपयोग मौसम की स्थिति अनुकूल होने पर ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर के आसपास मानसून धीरे-धीरे वापस होने लगता है, लेकिन वर्तमान में कई स्थानों पर क्लाउड कवर अधिक है। ऐसे में हेली यात्रा की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरती जाएगी।

उन्होंने बताया कि हेली सेवाओं के सुरक्षित संचालन के लिए मौसम विभाग के साथ समन्वय किया जा रहा है। इसके अलावा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में वेदर ऑब्जरवेशन सिस्टम भी लगाए गए हैं। मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद ही हेली सेवा संचालकों को उड़ान की अनुमति दी जाएगी।

सीईओ के मुताबिक, मानसून अभी अंतिम चरण में है। ऐसे में शुरुआती दिनों में मौसम के कारण हेली संचालन में देरी हो सकती है। हालांकि, मौसम सामान्य होने के बाद हेली सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से जारी रहने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button