उत्तराखंडदुर्घटना

रुद्रप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार; दो की मौत, एक घायल

रुद्रप्रयाग: जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा छेनागाड़ से करीब दो किलोमीटर ऊपर मथ्यागांव के समीप हुआ, जहां तीन लोगों को लेकर जा रहा वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही DDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और कठिन परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को मथ्यागांव के समीप वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही DDRF और SDRF की रेस्क्यू टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने के बाद टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन में रोहित पुत्र जगत सिंह, उम्र 26 वर्ष, मोहन सिंह पुत्र भाग सिंह, उम्र 65 वर्ष और विनोद सिंह पुत्र दरमान सिंह, उम्र 42 वर्ष सवार थे। रेस्क्यू के दौरान रोहित घायल अवस्था में मिले, जबकि मोहन सिंह और विनोद सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

दुर्घटना स्थल तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद DDRF और SDRF के जवानों ने तत्परता से रेस्क्यू अभियान चलाया। टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचकर तीनों लोगों को बाहर निकाला। घायल रोहित को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं दोनों मृतकों के शवों को भी रेस्क्यू कर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

हादसे की खबर सामने आते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दो लोगों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित स्तर पर दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

प्रशासन की ओर से रेस्क्यू कार्रवाई पूरी कर घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि दोनों मृतकों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button