उत्तराखंड में खड़गे की रैली के बाद ‘शुद्धिकरण’ विवाद, बीजेपी नेताओं के खिलाफ बेंगलुरु में जीरो FIR

देहरादून: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद ने अब कर्नाटक का रुख कर लिया है। बेंगलुरु के विधान सौध पुलिस थाने में शुक्रवार को जीरो FIR दर्ज की गई है। इसमें उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत अन्य लोगों के खिलाफ नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह FIR आदिवासी कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष टीआर रामप्पा की ओर से 31 अगस्त को दी गई शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले को आगे की जांच के लिए संबंधित पुलिस थाने को भेजा जा सकता है।
शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को भाजपा के कुछ पदाधिकारियों और अन्य लोगों ने इसी स्थान पर कथित ‘शुद्धिकरण अनुष्ठान’ किया।
शिकायतकर्ता टीआर रामप्पा ने आरोप लगाया कि कथित शुद्धिकरण अनुष्ठान के जरिए यह जातिगत धारणा व्यक्त की गई कि मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम में शामिल होने के कारण रामलीला मैदान ‘अशुद्ध’ हो गया था। शिकायत में इस कथित कृत्य को दलितों के प्रति भेदभाव से जोड़ते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
इस विवाद को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी थी। शिकायत में राहुल गांधी की ओर से खड़गे की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत FIR दर्ज करने की मांग का उल्लेख किया गया है। राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर दलितों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया था।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को प्राप्त लिखित शिकायत पर कानूनी राय लेने के बाद 4 सितंबर को जीरो FIR दर्ज की गई। मामले में नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(1)(c), 7(1)(d) और 7(1), एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(u) और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 196(1)(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जीरो FIR दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले को संबंधित पुलिस थाने को भेजे जाने के बाद आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी।



