उत्तराखंड

उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी पहल, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगी निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही इस योजना का शुभारंभ करेंगे।

 

योजना का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराना है। इसका लाभ प्रदेश के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को मिलेगा।

 

UPSC से SSC तक परीक्षाओं की तैयारी

 

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसमें UPSC, PCS, CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।

 

इसके अलावा प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।

 

युवाओं को घर बैठे मिलेगा मार्गदर्शन

 

योजना के माध्यम से प्रदेश के विद्यार्थियों को घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे विशेष रूप से उन युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है, जो महंगी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर पाते हैं।

 

कैबिनेट में हो चुका है विचार-विमर्श

 

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना को लेकर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान हुई कैबिनेट बैठक में विचार-विमर्श किया गया था। अब सरकार इस योजना को जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी में है।

 

सरकार का मानना है कि निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा से प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और उन्हें रोजगार तथा उच्च शिक्षा के लिए अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button