उत्तराखंड

हरिद्वार में कांवड़ यात्रा का आखिरी दिन, बारिश के बीच भी नहीं थमे शिवभक्तों के कदम; 3.80 करोड़ कांवड़िए रवाना

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के आखिरी दिन सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार शिवभक्ति में डूबी नजर आई। सुबह से ही हरिद्वार के हाईवे, कांवड़ मार्गों और आंतरिक सड़कों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ दिखाई दी। बारिश के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर रवाना होते रहे।

 

बारिश में भी जारी रही कांवड़ियों की यात्रा

 

सोमवार सुबह करीब आठ बजे से हरिद्वार में बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश के बीच भी कांवड़िए अपनी यात्रा पूरी करने में जुटे रहे। कई शिवभक्त बारिश में भीगते हुए कांवड़ लेकर आगे बढ़ते नजर आए।

 

कांवड़ मेले के अंतिम चरण में डाक कांवड़ वाहनों की आवाजाही भी लगातार जारी है। दोपहिया वाहनों से भी बड़ी संख्या में कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। हरिद्वार-नजीबाबाद, हरिद्वार-दिल्ली समेत प्रमुख मार्गों पर कांवड़ वाहनों का दबाव बना हुआ है।

 

3 करोड़ 80 लाख से ज्यादा कांवड़िए रवाना

 

प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, कांवड़ मेला शुरू होने से अब तक 3 करोड़ 80 लाख 18 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं।

 

पिछले वर्ष कांवड़ मेले में करीब चार करोड़ श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने का आंकड़ा सामने आया था। इस बार कांवड़ियों की संख्या करीब पांच करोड़ तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। इसी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं।

 

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में भी उमड़ी भीड़

 

सोमवार को सावन का दूसरा सोमवार होने के कारण हरिद्वार के प्रमुख शिव मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। हरकी पैड़ी, कनखल स्थित दक्ष मंदिर, बिलकेश्वर मंदिर समेत अन्य शिवालयों में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे।

 

श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। हरिद्वार में जगह-जगह ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।

 

एसएसपी ने संभाली कमान, पुलिस लगातार कर रही निगरानी

 

कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

 

हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर भी बारिश के बीच विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। डाक कांवड़ वाहनों की रवानगी के साथ ही यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

 

फिलहाल बारिश के बावजूद हरिद्वार में कांवड़ यात्रा का उत्साह चरम पर है और शिवभक्त गंगाजल लेकर लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button