उत्तराखंड न्यायिक सेवा में बड़ा फेरबदल, देहरादून को मिले नए जिला जज, कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार

देहरादून: उत्तराखंड हाईकोर्ट ने न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से न्यायिक अधिकारियों के तबादलों और अतिरिक्त प्रभार को लेकर नई अधिसूचना जारी की है। जारी आदेश के तहत कई जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को विशेष न्यायालयों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
हरिश कुमार गोयल बने देहरादून के नए जिला एवं सत्र न्यायाधीश
हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार हरिश कुमार गोयल को देहरादून का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं नैनीताल के प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार को एनडीपीएस विशेष न्यायालय, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कई न्यायाधीशों को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
देहरादून की एफटीसी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुसुम को विशेष पॉक्सो न्यायालय, देहरादून का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसी तरह तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक श्रीवास्तव को विशेष न्यायालय-2 (एनडीपीएस), देहरादून की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं ऊधमसिंह नगर की एफटीसी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीता गुंजियाल को विशेष पॉक्सो न्यायालय, ऊधमसिंह नगर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
यूकेपीएससी के विधि सलाहकार पद के लिए भी संस्तुति
हाईकोर्ट ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी), हरिद्वार में विधि सलाहकार के पद पर नियुक्ति के लिए हरिश कुमार गोयल के नाम की संस्तुति राज्य सरकार को भेजी है। साथ ही हरिद्वार के पंचम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण वोहरा को विधि सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार देने की भी सिफारिश की गई है।
राज्य सरकार की अधिसूचना के बाद होंगे प्रभावी आदेश
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि विधि सलाहकार पद से संबंधित दोनों मामलों में अंतिम निर्णय राज्य सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद प्रभावी होगा। इन बदलावों को राज्य की न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



