दिनेशपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ऑटो डिवाइडर से टकराया; मजदूर की मौत

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 46 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। देर रात बहनोई के घर से वापस लौटते समय उसका ऑटो वाहन रिंग रोड स्थित बागवाला रोड पर डिवाइडर से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रंजीत विश्वास उर्फ कालू (46) पुत्र मुकुंद विश्वास निवासी शर्मा रोड, बिलासपुर, रामपुर के रूप में हुई है। रंजीत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि रंजीत विश्वास देर रात दिनेशपुर स्थित अपने बहनोई के घर से वापस लौट रहा था। रात करीब 2 बजे रिंग रोड के बागवाला रोड पर उसका ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस सेवा को मौके पर बुलाया। एंबुलेंस की मदद से घायल को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव के बीडीसी सदस्य के अनुसार, रंजीत विश्वास मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। बड़े बेटे की उम्र करीब 15 वर्ष, दूसरे बेटे की 12 वर्ष और तीसरे बच्चे की उम्र लगभग 9 वर्ष बताई जा रही है।
रंजीत की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक की लहर है। सूचना मिलने पर पंतनगर सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पंतनगर सिडकुल चौकी के एसएसआई अनिल मेहता ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। परिजनों की ओर से दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रंजीत विश्वास की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।



