सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में ट्रैफिक प्लान लागू, भारी भीड़ की संभावना

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड को देखते हुए हरिद्वार में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने 13 से 15 जून तक विस्तृत ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहन नारसन, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है। यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर लक्सर, फेरूपुर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे, जबकि बड़े वाहनों को नीलधारा-गोरीशंकर पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। देहरादून-ऋषिकेश से आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला मार्ग से हरिद्वार लाया जाएगा और उनके लिए लालजीवाला, पंतदीप तथा चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है।
वापसी में मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहन देहरादून, ऋषिकेश, नेपाली फार्म, रायवाला और चंडी चौक होते हुए एनएच-344 से जाएंगे। नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को चंडी चौक और श्यामपुर मार्ग से निकाला जाएगा। यातायात दबाव बढ़ने पर चीला मार्ग केवल शहर से बाहर निकलने वाले वाहनों के लिए उपयोग किया जाएगा। गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक की ओर यातायात संचालित होगा। टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि 13 जून सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक और 14 जून सुबह 6 बजे से स्नान पर्व समाप्ति तक हरिद्वार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 15 जून तड़के 3 बजे से दिल्ली-मेरठ मार्ग से आने वाले बड़े वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा। देहरादून से आने वाले बड़े वाहनों को लालजीवाला और नजीबाबाद से आने वाले वाहनों को नीलधारा-गोरीशंकर पार्किंग में रोका जाएगा।
इसी बीच शुक्रवार को हरिद्वार में यातायात अव्यवस्था के चलते हाईवे और सर्विस लेन पर लंबा जाम लग गया। जाम में एक एंबुलेंस भी करीब 20 मिनट तक फंसी रही, जिससे आम लोगों और आपात सेवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।



