IMA Passing Out Parade 2026: पहली बार महिला कैडेट बनेंगी सेना की अधिकारी, 481 कैडेट होंगे पास आउट

देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में शनिवार को होने वाली पासिंग आउट परेड ऐतिहासिक होने जा रही है। इस बार 481 युवा कैडेट भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में शामिल होंगे। वहीं 16 मित्र देशों के 34 अधिकारी कैडेट भी प्रशिक्षण पूरा कर अपनी-अपनी सेनाओं का हिस्सा बनेंगे। कुल 515 कैडेट अकादमी के ड्रिल स्क्वायर पर आयोजित पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेंगे। परेड की सलामी राष्ट्रपति Droupadi Murmu लेंगी।
93 साल पुराने आईएमए के इतिहास में यह पहली बार होगा जब महिला कैडेट पुरुष कैडेटों के साथ कदमताल करते हुए पास आउट होंगी। इस ऐतिहासिक परेड में नौ महिला कैडेट भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल होंगी।
पहली बार महिला कैडेट होंगी पास आउट
अगस्त 2022 में National Defence Academy में महिला कैडेटों के पहले बैच ने प्रवेश लिया था। तीन वर्ष के प्रशिक्षण के बाद मई 2025 में महिला कैडेटों ने स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इनमें से नौ कैडेटों ने भारतीय थल सेना में सेवा देने का विकल्प चुना और आगे के प्रशिक्षण के लिए आईएमए पहुंचीं।
पुरुष कैडेटों के साथ एक वर्ष का सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब ये नौ महिला कैडेट भारतीय सेना में अधिकारी बनने जा रही हैं।
आईएमए के इतिहास में जुड़ने जा रहा नया अध्याय
साल 1932 में स्थापना के बाद से अब तक आईएमए से केवल पुरुष कैडेट ही सैन्य अधिकारी बनकर निकलते रहे हैं। 13 जून 2026 को पहली बार महिला कैडेटों का पास आउट होना अकादमी के 93 साल के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद खुला रास्ता
महिला कैडेटों को एनडीए में प्रवेश का रास्ता Supreme Court of India के ऐतिहासिक फैसले के बाद मिला था। इसके बाद अगस्त 2022 में महिला कैडेटों के पहले बैच ने एनडीए में प्रवेश लिया। सैन्य और अकादमिक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब वे भारतीय सेना में स्थायी कमीशन के साथ अधिकारी बनने जा रही हैं।
सेना में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी
अब तक महिलाएं मुख्य रूप से Officers Training Academy, Armed Forces Medical Services और मिलिट्री नर्सिंग सर्विस के माध्यम से सेना का हिस्सा बनती रही हैं। आईएमए से सीधे स्थायी कमीशन प्राप्त करना भारतीय सेना में लैंगिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आरआईएमसी में भी तैयार हो रही हैं बालिका कैडेट
देहरादून स्थित Rashtriya Indian Military College में भी बालिका कैडेटों का प्रशिक्षण जारी है। लड़कियों के प्रवेश को मंजूरी मिलने के बाद यहां छात्राओं का पहला बैच तैयार किया जा रहा है, जो भविष्य में एनडीए के माध्यम से सेना में अधिकारी बनने का सपना पूरा करेगा।



