बेटी की शादी के जेवरात से भरा बैग खोया, रुद्रप्रयाग पुलिस ने खोजकर लौटाया; परिवार ने जताया आभार

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड पुलिस की तत्परता और जनसेवा का एक सराहनीय उदाहरण रुद्रप्रयाग में देखने को मिला। कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस ने बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा खोया हुआ बैग बरामद कर उसके मालिक को सुरक्षित सौंप दिया। बैग वापस मिलने पर पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, चमोली जिले के गौणा गांव निवासी दलीप सिंह ने 6 जून को डायल-112 के माध्यम से सूचना दी कि नगरासू के पास भोजन के लिए बस से उतरते समय उनका बैग वाहन में ही छूट गया। बैग में उनकी बेटी की शादी के लिए रखे गए कीमती आभूषण, कपड़े और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। समस्या यह भी थी कि उन्हें बस का नंबर स्पष्ट रूप से याद नहीं था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने नगरासू क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और दलीप सिंह की मौजूदगी में संबंधित बस की पहचान की। इसके बाद जीएमओयू प्रबंधन से संपर्क कर ई-चालान प्रणाली के माध्यम से वाहन स्वामी और चालक की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस के संपर्क करने पर बस चालक ने भी सहयोग करते हुए बताया कि वह यात्रियों को ऋषिकेश छोड़ने जा रहा है और वापसी में बैग को सुरक्षित पुलिस के हवाले कर देगा। चालक ने अपने वादे के अनुसार बैग को सुरक्षित रखते हुए कोतवाली रुद्रप्रयाग पहुंचाकर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने बैग में मौजूद सामान का सत्यापन करने के बाद उसे सकुशल दलीप सिंह को वापस सौंप दिया। बेटी की शादी के जेवरात और जरूरी सामान सुरक्षित मिलने पर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
दलीप सिंह ने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद किया। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि उत्तराखंड पुलिस कानून व्यवस्था के साथ-साथ जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।



