उत्तराखंड

हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर मारपीट; आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी महिलाओं के साथ अभद्रता और हाथापाई करता दिखाई दे रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक परिवार अधिक मास के दौरान गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए हरिद्वार आया हुआ था। परिवार की महिलाओं ने आरोप लगाया कि वे गंगा स्नान के बाद शिव मंदिर में जल चढ़ाने गई थीं, तभी रवि चौहान नामक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और उनसे छेड़छाड़ करने लगा।

 

महिलाओं का आरोप है कि आरोपी ने उनसे आपत्तिजनक बातें कीं और कहा कि यदि उन्हें यहां स्नान और पूजा करनी है तो उन्हें उससे मिलना होगा। पीड़िता के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी मंदिर परिसर में उनके साथ अभद्र व्यवहार कर चुका था।

 

जब महिलाओं ने आरोपी का विरोध किया और उसे पुलिस चौकी ले जाने की बात कही, तो उसने कथित रूप से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में भी आरोपी महिलाओं को थप्पड़ मारते और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए दिखाई दे रहा है।

 

मामले की शिकायत मिलने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी रवि चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।

 

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि महिलाओं की शिकायत और वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button