प्रेमनगर में टी-स्टेट से सटे रिहायशी क्षेत्रों की समस्याओं पर सामंजस्य बैठक, सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर बनी सहमति

देहरादून: देहरादून कैंट विधानसभा के प्रेमनगर क्षेत्र में टी-स्टेट से लगे रिहायशी इलाकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर सामंजस्य बैठक आयोजित की गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में हुई बैठक में टी-स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा, सिक्योरिटी अफसर सूरज थापा, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद पंवार और क्षेत्र के सम्मानित लोग मौजूद रहे।
बैठक में टी-स्टेट से लगी रिहायशी क्षेत्र की जमीन में नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। क्षेत्रवासियों ने रिहायशी इलाकों की सुरक्षा के लिए जहां जरूरत है वहां बाउंड्री वॉल और अन्य स्थानों पर तारबाड़ की व्यवस्था करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही कुछ स्थानों पर सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति की मांग भी रखी गई। टी-स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा ने इन कार्यों के लिए सहमति जताते हुए जल्द से जल्द व्यवस्थाएं किए जाने की बात कही। उन्होंने स्थानीय क्षेत्रवासियों से भी सहयोग की अपील की, जिसे बैठक में मौजूद लोगों ने स्वीकार किया।
बैठक में टी-स्टेट से सटे रिहायशी क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। स्थानीय लोगों के सहयोग से टी-स्टेट के आसपास और सड़क किनारे किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा या गंदगी नहीं फेंके जाने को लेकर सार्थक बातचीत हुई। इस व्यवस्था को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए कमेटी के गठन पर भी चर्चा की गई।
इसके अलावा कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सुरक्षा की दृष्टि से कुछ स्थानों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था कराने और कैमरे लगवाने को लेकर भी सहमति बनी।
बैठक में खिलाफ सिंह बिष्ट, हीरा सिंह गोसाईं, सुरेंद्र राठौर, राजेश सेन, सुप्रिया डोभाल सहित अन्य गणमान्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे। बैठक में स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित पक्षों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग के साथ आगे काम करने पर जोर दिया गया।



