हरिद्वार में लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 45 बसों के चालान, 6 सीज

हरिद्वार: हाल ही में हरिद्वार में दो लग्जरी बसों में आग लगने की घटनाओं के बाद परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर 6 और 7 जून को विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 45 बसों का चालान किया गया, 6 बसों को सीज किया गया और 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति भेजी गई है।
सड़क सुरक्षा के लिए चला विशेष अभियान
संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कृष्णा पलारिया ने किया।
परिवहन विभाग की टीमों ने हरिद्वार, रुड़की, राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख यात्री मार्गों और बस अड्डों पर संचालित लग्जरी एवं अन्य यात्री वाहनों की जांच की।
सुरक्षा मानकों की हुई गहन जांच
निरीक्षण के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, टैक्स भुगतान, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास व्यवस्था समेत अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
जांच में कई वाहनों में तकनीकी और वैधानिक खामियां पाई गईं, जिसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
6 बसें सीज, 5 के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति
विशेष अभियान के दौरान कुल 45 बसों के चालान किए गए। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 6 बसों को सीज कर दिया गया। वहीं, तकनीकी मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने के लिए सक्षम प्राधिकारी को प्रस्ताव भेजा गया है।
सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं
आरटीओ निखिल शर्मा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
उन्होंने वाहन स्वामियों और संचालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने, वाहनों का नियमित रखरखाव कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
अभियान में ये अधिकारी रहे शामिल
विशेष अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, भारत भूषण, मुकेश भारती, रविंद्र पाल सैनी, हरीश रावल, संगीता धीमान, नवीन तिवारी, केके बिजल्वाण और आनंद वर्धन समेत परिवहन विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।



