कुंभ 2027 की तैयारियों में तेजी, गढ़वाल कमिश्नर ने ली हाई लेवल बैठक; मानसून से पहले पूरे होंगे निर्माण कार्य

हरिद्वार: गढ़वाल मंडल आयुक्त का कार्यभार संभालने के बाद पहली बार हरिद्वार पहुंचे कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ हाई लेवल समीक्षा बैठक की। सीसीआर भवन में आयोजित बैठक में हरिद्वार, देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान कमिश्नर ने कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले तय समयसीमा वाले सभी कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
फायर सेफ्टी ऑडिट पर भी रहेगा फोकस
दिल्ली में हाल ही में हुए अग्निकांड का उल्लेख करते हुए कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि कुंभ मेले से पहले हरिद्वार के होटल, अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और अन्य सार्वजनिक संस्थानों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ऑनलाइन शामिल हुईं मेलाधिकारी सोनिका
कुंभ मेले से जुड़ी इस महत्वपूर्ण बैठक में मेलाधिकारी सोनिका व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकीं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया। उनकी ओर से अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कुंभ कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।
पुल, घाट और अन्य परियोजनाओं पर विशेष ध्यान
कमिश्नर ने बताया कि कुंभ मेले के लिए प्रस्तावित पुलों, गंगा घाटों और अन्य स्थायी निर्माण कार्यों को मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बरसात के बाद रंगाई-पुताई और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे, जबकि अस्थायी ढांचों और व्यवस्थाओं को भी निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाएगा।
रेलवे स्टेशनों का होगा सौंदर्यीकरण
बैठक में रेलवे अधिकारियों ने भी भाग लिया। कुंभ मेले के बजट के तहत ज्वालापुर और मोतीचूर रेलवे स्टेशनों के सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशनों पर आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की योजना पर विचार-विमर्श किया।
कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन की सफलता सभी विभागों के समन्वित प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि कुंभ मेले से पहले सभी कार्य समय पर पूरे हो सकें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



