खराब मौसम बना राहुल गांधी के दौरे में बाधा, पंतनगर में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

पंतनगर। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की शुरुआत मौसम की चुनौती के साथ हुई। दिल्ली से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुआ उनका विमान खराब मौसम के कारण निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंच सका और उसे वापस पंतनगर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने पर राहुल गांधी का कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय नेताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारे लगाए।
मौसम खराब होने के कारण राहुल गांधी अल्मोड़ा में आयोजित पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके। हालांकि उन्होंने पंतनगर से ही मोबाइल के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया और पूर्व सैनिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।
कांग्रेस के लिए राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व इसे संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने के अवसर के रूप में देख रहा है। दो दिवसीय प्रवास के दौरान राहुल गांधी विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
उत्तराखंड कांग्रेस ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं और इसे राज्य में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



