उत्तराखंड में दो दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना, पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। अगले दो दिन राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हालांकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 4500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी जिलों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
आज और कल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और उधम सिंह नगर जिलों के लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
प्रशासन ने जारी की सावधानी संबंधी एडवाइजरी
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। चेतावनी दी गई है कि आकाशीय बिजली गिरने से जान-माल का नुकसान हो सकता है। तेज हवाओं से कच्चे मकानों और असुरक्षित ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
लोगों से अपील की गई है कि—
खेतों में कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें
तूफान के दौरान घर के भीतर ही रहें
खिड़की-दरवाजे बंद रखें
बिजली उपकरणों और धातु की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें
बिजली चमकते समय पेड़ों के नीचे शरण न लें
पालतू जानवरों को खुले में न बांधें
16 मई को भी बदलेगा मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 16 मई को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अलग-अलग स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लेने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने कहा है कि बदलते मौसम को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है।



