उत्तराखंड सहित 19 राज्यों में 29 मई से शुरू होगा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान

उत्तराखंड। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड ने जानकारी दी है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तीसरे चरण में 19 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू किया जाएगा। उत्तराखंड में यह प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संपन्न होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, विश्वकर्मा भवन, सचिवालय परिसर देहरादून द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, अभियान के विभिन्न चरण निर्धारित कर दिए गए हैं।


29 मई से प्रारंभ होंगे प्रारंभिक कार्य
अभियान के तहत 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्य किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं संकलन करेंगे।
ड्राफ्ट मतदाता सूची 14 जुलाई को होगी प्रकाशित
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी।
इसी अवधि में 10 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बूथ स्तर पर तैनाती व्यवस्था
राज्य में कुल 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष राजनीतिक दलों द्वारा 21,808 बूथ लेवल एजेंट (BLA) की तैनाती की गई है।
निर्वाचन विभाग ने कहा है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जाएगी, ताकि मतदाता सूची को और अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।



