
देहरादून। राजधानी के किशन नगर एक्सटेंशन क्षेत्र में एक प्ले ग्रुप स्कूल परिसर के पीछे स्थित कमरों में कथित तौर पर चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर तीन युवतियों को मुक्त कराया है। मौके से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई महीनों से स्कूल परिसर के पीछे संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। क्षेत्रवासियों की शिकायत के बाद भाजपा पार्षद नंदिनी शर्मा मौके पर पहुंचीं और परिसर में अनैतिक गतिविधियों के संचालन का आरोप लगाया। घटना की जानकारी फैलते ही कुछ संगठनों के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और नारेबाजी हुई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने परिसर में पहुंचकर जांच की, जहां स्कूल के पीछे किराये पर लिए गए कमरों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। तीन युवतियां भी मौके से मिलीं, जो पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं।
पुलिस ने राजस्थान निवासी आशीष पांडेय और जंग बहादुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने अनैतिक गतिविधियों में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कमरे से बरामद सामान को भी जब्त कर लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, मुक्त कराई गई युवतियों में से एक के एचआईवी पॉजिटिव होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के बाद ही होगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। परिसर संचालकों से भी पूछताछ की जा सकती है।



