
उत्तराखंड। उत्तराखंड सरकार ने सड़क, शिक्षा और शहरी विकास से जुड़े तीन बड़े फैसले लिए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता, यात्रियों और युवाओं को मिलेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में सिंगल लेन हाईवे को डबल लेन में बदला जाएगा, मैदानी इलाकों में फोर लेन सड़कें विकसित होंगी, 11 हजार छात्रों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी और देहरादून के मियांवाला में आधुनिक पार्क का लोकार्पण किया गया।
पहाड़ों में सिंगल लेन हाईवे होंगे डबल लेन
लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने तीन वर्षों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने का लक्ष्य तय किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगभग 2,000 किमी नेशनल हाईवे हैं, जिनमें से करीब 1,000 किमी पहले से डबल लेन हैं, जबकि शेष 1,000 किमी अभी सिंगल लेन हैं। विभाग द्वारा तैयार रोडमैप के अनुसार इन सभी सिंगल लेन हाईवे को तीन साल में डबल लेन किया जाएगा। एचओडी राजेश शर्मा ने बताया कि यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
मैदानी क्षेत्रों में फोर लेन सड़कें
मैदानी इलाकों में करीब 155 किमी नेशनल हाईवे अभी सिंगल लेन हैं। इन्हें चौड़ा कर फोर लेन बनाया जाएगा। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर के एनएच को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा, ताकि ट्रैफिक दबाव कम हो सके।
ब्लैक स्पॉट खत्म होंगे
सड़क चौड़ीकरण के साथ खतरनाक मोड़, तीव्र ढलान और ब्लैक स्पॉट को भी सुधारा जाएगा। इससे स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सफर का लाभ मिलेगा।
11 हजार छात्रों को मुफ्त कोचिंग
सरकार ने मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना को लागू कर दिया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि योजना के तहत 11 हजार छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। इस पर प्रतिवर्ष 11 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मेधावियों के लिए विशेष प्रावधान
सिविल सर्विसेज परीक्षा: 2000 छात्र
एसएससी, रेलवे व समकक्ष परीक्षाएं: 5000 छात्र
बैंकिंग सर्विसेज: 2000 छात्र
कैट, मैट, गेट, नेट, सीएसआईआर व अन्य प्रवेश परीक्षाएं: 2000 छात्र
चयन जिलावार स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से होगा। अंतिम वर्ष के छात्र और एक वर्ष पूर्व स्नातक/स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। चयनित छात्रों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। योजना की निगरानी के लिए उच्च शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति और मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय राज्य स्तरीय स्टेयरिंग समिति गठित की गई है।
मियांवाला में आधुनिक पार्क का लोकार्पण
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मियांवाला में पुराने प्राकृतिक तालाब का कायाकल्प कर आधुनिक पार्क विकसित किया है। करीब 3.30 करोड़ रुपये की इस परियोजना का सोमवार को रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद पूजा नेगी, एमडीडीए के प्रभारी अधीक्षण अभियंता अतुल गुप्ता और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
सरकार के इन फैसलों से राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास, युवाओं को अवसर और शहरी सुविधाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



