उत्तराखंडदुर्घटना

भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस की चपेट में आकर 5 वर्षीय बच्ची की मौत

हल्द्वानी। हल्द्वानी के भीमताल-हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच साल की मासूम कनक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके 06 पी ए 1726) ने बच्ची को सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक ने वाहन को नहीं रोका और बच्ची को करीब 20 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हादसे के चलते मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। तिकोनिया से लेकर भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button