
मौसम अपडेट। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी। विभाग ने कई पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के हिमपात की भी संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी जिलों में मौसम शुष्क से लेकर आंशिक बादलों के साथ रहने की संभावना है।
पिथौरागढ़ में झमाझम बारिश, चोटियों पर बर्फबारी
सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। जिला मुख्यालय के साथ-साथ डीडीहाट, धारचूला और मुनस्यारी में झमाझम बारिश दर्ज की गई।
उच्च हिमालयी चोटियों पर लगातार हो रही बर्फबारी के चलते क्षेत्र में ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के कारण पूरे सीमांत क्षेत्र में सर्दी का असर साफ महसूस किया जा रहा है।



