अपराधउत्तराखंडदेहरादून

एंजेल चकमा हत्याकांड: मुख्य आरोपी की तलाश में अड़चन, CBI ने उठाए तीन बड़े सवाल

देहरादून: सेलाकुई क्षेत्र में हुए चर्चित एंजेल चकमा हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की तलाश में अब नई अड़चन सामने आई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने नेपाल में आरोपी की तलाश के लिए जारी ब्लू कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया पर तीन अहम आपत्तियां भेजी हैं, जिससे कार्रवाई में देरी हो सकती है।

CBI ने मांगी विस्तृत जानकारी

सीबीआई ने आरोपी की व्यक्तिगत आपराधिक भूमिका पर करीब 1600 शब्दों का विस्तृत विवरण मांगा है। इसके अलावा घटना के समय, आरोपी की भूमिका, मंशा और केस से जुड़ी अन्य तकनीकी जानकारियां भी तलब की गई हैं। यह जानकारी भारतपोल पोर्टल के माध्यम से मांगी गई है।

क्या है पूरा मामला

9 दिसंबर 2025 को सेलाक्वी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल चकमा पर छह लोगों ने हमला कर दिया था। हमले में एंजेल को गंभीर चोटें आईं, खासकर गर्दन के पास, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद पहले पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन 26 दिसंबर को इलाज के दौरान एंजेल चकमा की मौत हो गई। इसके बाद मामले को हत्या में परिवर्तित कर दिया गया।

मुख्य आरोपी नेपाल फरार

घटना के बाद पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर दी। लेकिन मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी पुलिस को चकमा देकर नेपाल फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।

तीन महीने बाद भी खाली हाथ पुलिस

हत्या के करीब तीन महीने बाद भी पुलिस मुख्य आरोपी को पकड़ने में असफल रही है। ब्लू कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया भी अभी अधूरी है और सीबीआई की आपत्तियों के कारण इसमें और देरी हो सकती है।

जल्द भेजा जाएगा जवाब

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आवश्यक जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आरोपी की तलाश तेज की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button