
गैरसैंण। गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। स्थायी राजधानी, अंकिता भंडारी हत्याकांड और अन्य जनसमस्याओं को लेकर यूकेडी ने विधानसभा घेराव की योजना बनाई थी।
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में करीब सात महीने बाद धामी सरकार के पहुंचने के बीच यूकेडी कार्यकर्ताओं ने दिवालीखाल में एकत्र होकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर विधानसभा परिसर की ओर बढ़ने में सफल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब 10 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।
इस दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ियों को भी रोक दिया और जिन आंदोलनकारियों को हिरासत में ले जाया जा रहा था, उन्हें गाड़ियों से उतार दिया गया। इसके बाद मौके पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई।
हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
यूकेडी कार्यकर्ताओं का कहना है कि राज्य के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है, इसलिए उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ रहा है।



