उत्तराखंडअपराध

रुद्रपुर में बच्चा चोरी के शक में महिला को पोल से बांधकर पीटा, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ भीड़ द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने महिला को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह घटना ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे ठाकुर नगर स्थित एक मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों से बात करने लगी। बताया जा रहा है कि महिला बच्चों को अपने साथ चलने के लिए कह रही थी। महिला की यह हरकत देखकर आसपास मौजूद लोगों और बच्चों के परिजनों को शक हुआ और उन्होंने महिला पर बच्चा चोरी की आशंका जताई।

देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने महिला को पकड़ लिया और उसे पास ही लगे बिजली के पोल से बांध दिया। इसके बाद कुछ लोगों ने महिला को थप्पड़, लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान वहां अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ स्थानीय महिलाएं भी आक्रोशित हो गईं और उन्होंने भी महिला के साथ मारपीट की।

इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ महिलाएं गुस्से में थीं और पुलिस के सामने ही महिला को थप्पड़ मारती रहीं। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत कराया और महिला को उनके चंगुल से छुड़ाया।

इसके बाद पुलिस महिला को अपने साथ थाने ले आई और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला की हरकतें असामान्य नजर आईं। पुलिस के मुताबिक वह खुद से ही बातें कर रही थी और पूछे गए सवालों का ठीक से जवाब नहीं दे पा रही थी।

सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। उन्होंने बताया कि यह महिला पहले भी थाने में आकर हंगामा कर चुकी है। एक बार वह थाने में दीवार पर सिर मारने लगी थी, जिससे पुलिस को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए फिलहाल उसे छोड़ दिया गया है। साथ ही उसके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कहां की रहने वाली है और किन परिस्थितियों में उस क्षेत्र में पहुंची थी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या शक के आधार पर कानून को अपने हाथ में न लें और ऐसी किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button