जंगल की आग बनी जानलेवा, पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से युवक की मौत

उत्तरकाशी। पहाड़ों में लगी जंगल की आग एक बार फिर खतरनाक साबित हुई है। आग के कारण पहाड़ी से गिरते पत्थरों की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लाटा गांव निवासी मयंक पंवार (28 वर्ष) पुत्र महेश पंवार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मयंक पंवार उत्तरकाशी से अपनी बाइक पर सवार होकर नेताला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गणेशपुर और नेताला के बीच गंगोत्री हाईवे पर पहाड़ी क्षेत्र में जंगल में लगी आग के कारण ऊपर से पत्थर गिरने लगे। अचानक एक बड़ा पत्थर सीधे मयंक पर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल मयंक को बचाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल उत्तरकाशी ले जाया गया।
अस्पताल में सीएमएस डॉ. पीएस पोखरियाल ने प्रारंभिक जांच के दौरान बताया कि युवक को अंदरूनी गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान मयंक ने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, जंगलों में लगातार लग रही आग को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता भी बढ़ गई है।



