टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों के अभद्र व्यवहार के विरोध में किया धरना प्रर्दशन।

बिजनौर – ( किरतपुर ) भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने भनेड़ा टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों के अभद्र व्यवहार के विरोध में धरना शुरू कर दिया। किसानों ने टोल को फ्री करा दिया। किसान भारी बारिश के बावजूद धरने पर डटे रहे। रविवार की सुबह किसान भनेड़ा टोल प्लाजा पर पहुंच गए। उन्होंने सुबह करीब दस बजे टोल फ्री करा दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष बाबूराम तोमर ने बताया कि भनेड़ा टोल पर लगातार किसानों और आम जनता को परेशान किया जा रहा है। कर्मचारी अभद्रता करते हैं। टोल प्रबंधक दबंगता दिखाते हुए कहता है कि वह हरियाणा का है। किसी से नहीं डरता है। दबंगता से स्थानीय लोगों से भी जबरन वसूली करता हैं। किसानों ने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। किसान बारिश के बावजूद धरने पर डटे रहे। नेशनल हाईवे के एसडीओ आशीष शर्मा से किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसान नेताओं से वार्ता की लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। किसानों का कहना है कि दस किलोमीटर की दूरी में रहने वाले वाहन चालकों से टोल न लिया जाए। यह पहले हुई वार्ता में तय हुआ था। इसके बावजूद टोलकर्मी आसपास के वाहन चालकों से टोल वसूल रहे हैं और उनसे अभद्रता करते हैं। देर शाम तक भी वार्ता कोई नतीजा नहीं निकला। इस दौरान वाहन बिना टोल दिए ही गुजरते रहे। अजय बलियान, तहसील अध्यक्ष देवदत्त शर्मा, आदिल जैदी, अवनीश कुमार, ऋषिपाल सिंह, विजय पहलवान, नरदेव सिंह, वीरेश राणा, योगेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।