उत्तराखंडमौसम

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा उत्तराखंड का मौसम, 12 मार्च तक बारिश-बर्फबारी के आसार

देहरादून। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 7 मार्च से उत्तराखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक इसका असर प्रदेश में 12 मार्च तक बना रह सकता है।

हल्की बारिश होने की संभावना 

मौसम विभाग के अनुसार 7 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 4000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग ने राज्य के अन्य जनपदों में मौसम के शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की है। इसी तरह 8 मार्च को भी उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

हिमपात होने के आसार 

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने शुक्रवार को बताया कि 8 मार्च को पर्वतीय जिलों के 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना है। इसके बाद 9 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। साथ ही 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। बीते 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर बादल छाए रहने से मॉइश्चर फ्लो की स्थिति बनी रही, जिसके चलते पहाड़ी जिलों में तापमान में चार से पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button