
हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हरिद्वार के दौरे पर रहेंगे। वह शहर में करीब सवा चार घंटे का समय बिताएंगे। इस दौरान वैरागी द्वीप में आयोजित नूतन न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे और पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर शुक्रवार को दिनभर पुलिस और प्रशासन की टीमें तैयारियों में जुटी रहीं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह शनिवार दोपहर 12:15 बजे जॉली ग्रांट हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद वह 12:30 बजे हेलीकॉप्टर से गुरुकुल कांगरी हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 12:40 बजे हरिद्वार के वैरागी द्वीप स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर 1:55 बजे तक वैरागी कैंप में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे से 2:30 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है।
इसके पश्चात 2:30 बजे से 3:00 बजे तक वह वैरागी कैंप में ही नूतन न्याय संहिता पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और उसका अवलोकन करेंगे। इसके बाद 3:00 बजे से 3:30 बजे के बीच वह उत्तराखंड सरकार की विकास प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।
कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृह मंत्री 3:30 बजे वैरागी कैंप से प्रस्थान कर 3:40 बजे शहर के एक निजी होटल पहुंचेंगे, जहां वह पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 4:45 बजे वह वापस जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।



