
मौसम अपडेट: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज बृहस्पतिवार को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के साथ बारिश और गर्जन की संभावना है।
विशेष रूप से बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक से दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का असर फिर महसूस किया जाएगा।
देहरादून की बात करें तो बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और देर शाम हल्की बूंदाबांदी हुई। आज भी दून में आसमान बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।



