उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, चार जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

मौसम अपडेट: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। हालांकि, पिछले दिनों के मुकाबले फिलहाल भारी बारिश से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, पर्वतीय जिलों के साथ ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, बुधवार से प्रदेश के पर्वतीय जिलों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
फिलहाल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां अधिक बनी हुई हैं। यहां गरज के साथ तेज बौछारें पड़ रही हैं, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में मानसून की गतिविधि कुछ धीमी पड़ सकती है, जबकि पर्वतीय इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।



