उत्तराखंड में बारिश का कहर, 103 सड़कें बंद; सात जिलों में स्कूलों की छुट्टी, कई जिलों में रेड अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को चट्टानों से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण प्रदेशभर में 103 सड़कें बाधित हो गईं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हालात को देखते हुए सात जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, टिहरी और हरिद्वार जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। वहीं नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटे प्रदेश के कई जिलों के लिए संवेदनशील रहेंगे।
देहरादून में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
देहरादून में भारी से बहुत भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर स्कूल बंद होने से संबंधित पहले वायरल हुआ आदेश फर्जी था, जबकि वर्तमान आदेश आधिकारिक रूप से जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने दिए हाई अलर्ट के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन सहित सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क बंद होने जैसी स्थिति उत्पन्न हो, वहां प्रशासन तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करे। साथ ही सड़क, बिजली, पेयजल और संचार सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। चारधाम यात्रा मार्ग सहित सभी प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखने को भी कहा गया है।
दून-मसूरी मार्ग पर भूस्खलन, टला बड़ा हादसा
लगातार बारिश के बीच दून-मसूरी मार्ग पर ग्लोगी पावर हाउस और मैगी प्वाइंट के पास दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से पत्थर और मलबा सड़क पर आने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। हालांकि लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को जल्द ही सुचारु कर दिया। इस दौरान कई पर्यटक वाहन सुरक्षित स्थानों पर रोके गए। एसडीएम राहुल आनंद ने लोगों से बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रशासन ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



