
देहरादून: उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम पर आयोजित कार्यक्रमों का आज सोमवार को शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड, देहरादून से किया।
मुख्यमंत्री ने स्टालों का उद्घाटन किया
मुख्यमंत्री ने परेड ग्राउंड में लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और विशेष रूप से सेल रोटी बनाकर कार्यक्रम का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, सविता कपूर और मेयर सौरभ बहुगुणा उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ शुभारंभ
चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित जनों का अभिनंदन करते हुए प्रदेश की प्रगति की जानकारी दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बयान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ऐतिहासिक और शानदार कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पहला राज्य बना जिसने UCC लागू किया। कठोर नकल निरोधक कानून और धर्मांतरण कानून लागू किए गए।राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना वृद्धि, GSDP में 7.23%, और प्रति व्यक्ति आय में 41% की वृद्धि हुई। राज्य में 20,000 से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए और बिजली उत्पादन में तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई।
विकास और भविष्य के लिए योजना
भट्ट ने कहा कि सरकार ने चार वर्षों में हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छुई हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत सुनिश्चित होगी।



