उत्तराखंड में मौसम के दो रंग, मैदानों में लू तो पहाड़ों में बारिश; 28 मई से राहत के आसार

देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर मैदानी जिलों में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मैदानों को भी राहत मिलने की संभावना जताई है।
मैदानों में लू का कहर, दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
मंगलवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। राजधानी देहरादून में दोपहर बाद हवाओं में हल्की नरमी आने से तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस से घटकर 38.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा।
वहीं हरिद्वार और रुड़की में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोग उमस और तपिश से परेशान नजर आए।
पहाड़ों में बदला मौसम, बारिश से बढ़ी ठंडक
मैदानी क्षेत्रों के उलट पर्वतीय इलाकों में मौसम ने करवट ली। सुबह खिली धूप के बाद दोपहर में आसमान पर काले बादल छा गए। चमोली और बद्रीनाथ धाम में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों, मुनस्यारी और बागेश्वर में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई। पिथौरागढ़ में 17.4 एमएम, डीडीहाट में 8 एमएम, बेरीनाग में 2 एमएम और गरूड़ में 1.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। नई टिहरी में तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले तीन से पांच दिनों में मिल सकती है राहत
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
उन्होंने बताया कि अगले एक-दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन से पांच दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे मैदानी इलाकों को भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
28 मई से बदलेगा देशभर का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पूरे देश में इस समय भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है। हालांकि 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है।



