उत्तराखंड

नैनीताल में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, रोड पर हॉर्न बजाने पर पूरी तरह होगा प्रतिबंध

नैनीताल: उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यटक अनुकूल बनाने के लिए कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए, जिनमें सबसे बड़ा फैसला 1 अगस्त से माल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का है। इसके साथ ही तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी तक के क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित करने का निर्णय भी लिया गया।

 

1 अगस्त से माल रोड बनेगी ‘नो हॉर्न जोन’

 

कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है और माल रोड इसकी सबसे खास पहचान है। यहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण का आनंद लेने आते हैं। ऐसे में वाहनों के अनावश्यक हॉर्न से होने वाला ध्वनि प्रदूषण उनके अनुभव को प्रभावित करता है। इसी को देखते हुए 1 अगस्त से माल रोड पर हॉर्न बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।

 

हनुमानगढ़ी तक रहेगा नो-पार्किंग जोन

 

बैठक में नैनी झील के आसपास यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक के क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित करने का फैसला लिया गया। पुलिस विभाग को इस संबंध में सख्ती से नियम लागू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

बिना फिटनेस वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

 

कमिश्नर ने परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि बिना फिटनेस वाले किसी भी सरकारी या निजी वाहन को सड़कों पर संचालित न होने दिया जाए। ऐसे वाहनों को तत्काल सीज करने और निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

रूसी बाईपास बनेगा आधुनिक पार्किंग हब

 

बैठक में रूसी बाईपास को आधुनिक और अधिक क्षमता वाली पार्किंग के रूप में विकसित करने पर भी सहमति बनी। जिलाधिकारी नैनीताल को निर्माण एजेंसी का चयन कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, दुकानों और सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

 

बैठक में शामिल रहे वरिष्ठ अधिकारी

 

कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा, डीडीए सचिव मनीष कुमार, आरटीओ गुरदेव सिंह, अरविंद पांडेय और नगर पालिका के ईओ रोहिताश शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

बारिश के बीच शहर जाम से भी जूझा

 

बुधवार को हुई तेज बारिश के कारण नैनीताल रोड पर लंबा जाम लग गया। बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने दोपहिया के बजाय चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया, जिससे तिकोनिया से मंगलपड़ाव तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई स्थानों पर जलभराव और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त भी हुए। यातायात निरीक्षक भूपेश पांडेय ने बताया कि बारिश के चलते वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button