उत्तराखंड

26 अगस्त को टपकेश्वर शोभायात्रा, दून में बदलेगा ट्रैफिक प्लान; इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

देहरादून: देहरादून में 26 अगस्त को शिवाजी धर्मशाला से टपकेश्वर मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को देखते हुए दून पुलिस ने शहर के यातायात के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। शोभायात्रा सुबह 10 बजे शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पल्टन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी।

शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से रवाना होने पर निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन से आने वाले वाहनों को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा। वहीं, बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

शोभायात्रा के घंटाघर पहुंचने पर घंटाघर से चकराता रोड की ओर जाने वाले यातायात को दिलाराम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बल्लूपुर की ओर से आने वाले वाहनों को किशननगर चौक, बिंदाल चौकी कट और कैंट क्षेत्र होते हुए दिलाराम चौक की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा बिंदाल कट पार करने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।

शोभायात्रा के पोस्ट ऑफिस पहुंचने पर वाटिका तिराहा से आने वाले यातायात को आकाशगंगा तिराहा होते हुए पोस्ट ऑफिस की ओर भेजा जाएगा, जबकि पोस्ट ऑफिस से वाटिका तिराहा जाने वाले वाहनों को रोक-रोककर निकाला जाएगा।

पुलिस के अनुसार पटेल नगर मंडी, बल्लीवाला चौक, मातावाला बाग तिराहा, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक और घंटाघर पर बैरियर एवं डायवर्जन प्वाइंट बनाए जाएंगे। दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक घंटाघर, चकराता रोड और बल्लूपुर से घंटाघर मार्ग पर जाने से बचने की अपील की गई है।

इसके अलावा शोभायात्रा के मद्देनजर सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक शहर क्षेत्र में सभी प्रकार के लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने लोगों से अपील की है कि शोभायात्रा के मार्गों का प्रयोग करने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक एवं डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button