देहरादून में स्वाइन फ्लू का बढ़ा खतरा, एक दिन में 24 नए मरीज मिले; कुल केस 105

देहरादून: जिले में स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सोमवार को स्वाइन फ्लू के 24 नए मरीज सामने आए। इनमें 16 मरीज देहरादून जिले के और आठ अन्य जिलों के हैं। नए मामलों के साथ जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 105 हो गई है। वर्तमान में विभिन्न अस्पतालों में 36 मरीजों का उपचार चल रहा है।
स्वाइन फ्लू के साथ ही जिले में डेंगू का खतरा भी बना हुआ है। सोमवार को डेंगू जांच में दो नए मरीज संक्रमित मिले। इसके बाद जिले में डेंगू के कुल मामलों की संख्या 114 पहुंच गई है। इनमें 55 मरीज देहरादून के और 59 अन्य जिलों से संबंधित हैं।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और उपचार व्यवस्था को मजबूत किया है। दून अस्पताल परिसर में बाहर की तरफ कंटेनर में अलग से फ्लू ओपीडी शुरू की गई है। यहां मरीजों के पंजीकरण, परामर्श, जांच और रिपोर्टिंग के लिए व्यवस्था की गई है। पंजीकरण प्रभारी विनोद नैनवाल को इस व्यवस्था का समन्वयक बनाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से होने वाली मौतों की समीक्षा के लिए दो स्तरों पर डेथ ऑडिट कमेटियां गठित करने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल या ब्लॉक स्तर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक या चिकित्सा अधीक्षक, फिजिशियन और माइक्रोबायोलॉजिस्ट को कमेटी में शामिल किया जाएगा। वहीं जिला स्तर पर जिला सर्विलांस अधिकारी, फिजिशियन, एपिडेमियोलॉजिस्ट और माइक्रोबायोलॉजिस्ट की कमेटी बनाई जाएगी।
सीएमओ के निर्देश के मुताबिक स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज की मौत होने पर तीन दिन के भीतर अस्पताल या ब्लॉक स्तर पर पहला डेथ ऑडिट किया जाएगा। इसके बाद जिलास्तरीय कमेटी मामले की दोबारा समीक्षा करेगी। सभी मौतों का डाटा आईडीएसपी के तहत आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
अब तक हुई छह मौतों की समीक्षा में दो मामलों में स्वाइन फ्लू को मौत का कारण माना गया है। सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा के मुताबिक पौड़ी निवासी 59 वर्षीय व्यक्ति और देहरादून की 52 वर्षीय महिला की मौत स्वाइन फ्लू के कारण हुई थी। दोनों मरीज अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। वहीं श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में स्वाइन फ्लू संक्रमित छह मरीजों की मौत दर्ज हुई थी, जिनमें चार की मौत का कारण ऑडिट में अन्य बीमारियां सामने आईं।



